
पूर्णिया : रामनवमी के भव्य शोभायात्रा जुलूस को लेकर पूर्णिया शहर में कई जगहों पर ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है। कई मार्गों पर भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू की गई है, वहीं कुछ स्थानों पर छोटे और बड़े सभी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। लोगों की सुविधा के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है, ताकि वे आसानी से वाहन खड़ा कर जुलूस में शामिल हो सकें।
इन रुटों से गुजरेगी जुलूस
यातायात पुलिस उपाधीक्षक कौशल किशोर कमल ने बताया कि 28 मार्च 2026 को शोभायात्रा के दौरान यातायात सुगम और सुरक्षित रखने के लिए यह बदलाव किए गए हैं। जुलूस पूर्णिया स्टेशन, काली फ्लोर मिल, रजनी चौक, लाइन बाजार, सदर थाना, कालीबाड़ी, नगर निगम चौक, डॉलर हाउस चौक, पॉलिटेक्निक चौक, मरंगा, लखन चौक, आरएन साह चौक और खुश्कीबाग समेत कई मार्गों से होकर गुजरेगा। मधुबनी बाजार, आरएन साह चौक, रजनी चौक और लाइन बाजार मुख्य संगम स्थल रहेंगे।
भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध
सुबह 8 बजे से रात 12:30 बजे तक शहर में सभी प्रकार के भारी व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जीरोमाइल, मरंगा, मेहता चौक और कोसी नर्सरी होते हुए वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। बसों का संचालन भी पॉलिटेक्निक चौक और बाईपास मार्ग से होगा। कटिहार, बनभाग और अन्य क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग रूट तय किए गए हैं।
समय के अनुसार कुछ क्षेत्रों में विशेष प्रतिबंध लागू रहेंगे। आरएन साह चौक से गिरजा चौक और मधुबनी बाजार में सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। लाइन बाजार और रजनी चौक दोपहर 2 बजे से रात 1 बजे तक बंद रहेंगे, जबकि कटिहार मोड़ शाम 4 बजे से रात 12:30 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
इन स्थानों पर बनाया गया है पार्किंग स्थल
पार्किंग के लिए कला भवन, बीएसआरटीसी बस स्टैंड, जिला स्कूल क्रिकेट ग्राउंड समेत अन्य खाली स्थान चिन्हित किए गए हैं। गिरजा चौक, आरएन साह चौक, लाइन बाजार, थाना चौक और रजनी चौक को कोर ट्रैफिक कंट्रोल जोन घोषित किया गया है, जहां पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बिना जरूरत वाहन लेकर न जाएं और निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें। किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए 9031827767 और 9031827778 नंबर जारी किए गए हैं।

Author: pankaj jha








