
पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले से हैवानियत की दिल को दहलाने वाली खबर सामने आई है।शहर के मेवालाल चौक से आधा दर्जन युवकों ने युवती को सड़क से उठाया। इसके बाद मोटर गैराज में ले जाकर पूरी रात उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती को जबरन शराब भी पिलाई गई। घटना शनिवार आधी रात को डगरूआ थाना क्षेत्र के बरियार चौक के पास की है। पीड़िता ने घटना के बाद नशे में सोए एक आरोपित के मोबाइल फोन से कर पुलिस बुला ली। पुलिस ने मुख्य आरोपित जुनैद आलम को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया है।
मेवालाल चौक से किया अगवा
डगरूआ थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि मु. जुनैद मोटर गैराज का संचालक है। युवती के साथ दुष्कर्म की घटना में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान कर ली गई है। इनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पीड़िता ने बताया कि वह शनिवार देर शाम पूर्णिया शहर के नेवालाल चौक से पैदल अपने घर की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक चार पहिया वाहन पर सवार छह युवकों ने जबरन उसे गाड़ी में खींच लिया। आरोपित उसे लेकर एक गैराज पहुंचे।
जबरन पिलाई शराब
बदमाशों ने युवती को जबरदस्ती शराब पिलाई और खुद भी पी। सभी छह आरोपियों ने युवती के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इस हैवानियत के बाद पांच आरोपित मौके से निकल गए। गंभीर स्थिति में होने के बावजूद पीड़िता ने हिम्मत नहीं हारी। घटना के बाद जब एक आरोपित मु. जुनैद नशे की हालत में सो गया, तब पीड़िता ने बड़ी चतुराई से उसी का मोबाइल लेकर डायल 112 की पुलिस को फोन कर अपनी लोकेशन और आपबीती बतायी।
मोटर गैराज संचालक गिरफ्तार

सूचना मिलते ही डगरूआ थाना की पुलिस गश्ती टीम तुरंत सक्रिय हुई और लोकेशन ट्रैक कर गैराज पहुंची। गैराज के बाहर ताला लटका देख पुलिस ने राड और ईंटों की मदद से ताला तोड़ा। जब पुलिस अंदर घुसी तो पीड़िता बदहवाश और लहूलुहान हालत में रो रही थी, जबकि एक आरोपित बगल में ही सो रहा था।

Author: pankaj jha








